सीएमओ डॉ राजेश झा ने बढ़ते तापमान के बीच सम्बन्धित अधिकारियों को दिये निर्देश
लोगों के बीच बीमारियों के बारे में व्यापक प्रचार प्रसार करवाने को कहा
गोरखपुर। जिले के सीएमओ डॉ राजेश झा ने स्वास्थ्य महकमे के जिला स्तरीय और ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि बदलते मौसम के साथ हीट रिलेटेड बीमारियों से बचाव और उपचार के इंतजाम कर लिए जाएं। उन्होंने कहा है कि इन बीमारियों के बारे में समुदाय में व्यापक प्रचार प्रसार करवाने की आवश्यकता है। साथ ही शासन से प्राप्त दिशा-निर्देशों के अनुसार हीट रिलेटेड बीमारियों की सर्विलांस और आवश्यकतानुसार कार्रवाई भी की जानी है।
सीएमओ डॉ झा ने बताया कि मौसम विभाग की ओर से तापमान बढ़ने के संकेत मिले हैं। बदलते मौसम के साथ ही हीट रिलेटेड बीमारियों के मामले सामने आने लगते हैं। इसे देखते हुए सभी अधिकारियों से अग्रिम तैयारी करने को कहा गया है। निर्देश दिया गया है कि जनसामान्य में हीट रिलेडेट दिक्कतों पर अपनाएं जाने वाले सामान्य प्रोटोकॉल का व्यापक प्रचार प्रसार किया जाए। लोगों को बताया जाए कि अधिक दिक्कत होने पर मरीज को 108 नंबर एम्बुलेंस की सहायता से ही नजदीकी सरकारी अस्पताल ले जाना है। प्रशिक्षित चिकित्सक के पास ही उपचार के लिए जाना है। किसी भी अप्रशिक्षित व्यक्ति या झोलाछाप के चक्कर में न पड़ें।
सीएमओ ने बताया कि जिले के सभी इमर्जेंसी वार्ड में हीट स्ट्रोक व अन्य मौसमी बीमारियों के उपचार की सभी आवश्यक दवाएं रखने का निर्देश दिया गया है। विभागीय उच्चाधिकारी समय-समय पर इमर्जेंसी वार्ड का निरीक्षण कर यह सुनिश्चित करेंगे कि सभी आवश्यक दवाएं और उपकरण क्रियाशील रहें। साथ ही अग्रिम पंक्ति कार्यकर्ता लोगों को समझाएंगे कि बदलते मौसम में किस प्रकार का खानपान और दिनचर्या अपनाना है ताकि इस बीमारियों से बचाव हो सके। लोगों को घर से बाहर निकलने के समय में बदलाव करना होगा, खानपान संतुलित रखना होगा, अधिकाधिक पानी और तरल पदार्थों का सेवन करना होगा और ताजे फलों आदि के सेवन पर विशेष जोर देना होगा। इसके साथ ही सभी आवश्यक परामर्श और प्रोटोकॉल की जानकारी जन-जन तक पहुंचाना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता में शामिल है।

